त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में विधानसभा का सेमीफाइनल संपन्न

त्रिस्तरीय चुनाव में पूर्व मंत्री सहित तमाम पदाधिकारी नहीं बचा पाए अपना गढ़, मिली करारी हार

आदित्य भारद्वाज
बरेली। उत्तर प्रदेश के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को जबरदस्त हार का सामना करना पड़ा है, जबकि प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार का मानना था कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2022 के विधानसभा चुनाव का सेमी फाइनल है। इसलिए भाजपा के तमाम पदाधिकारी सांसद, विधायक, मंत्री अपने पार्टी समर्थित जिला पंचायत सदस्य उम्मीदवारों को जिताने के लिए जी तोड़ मेहनत कर प्रचार प्रसार में लगे रहे लेकिन जनता के दिल में इस बार कुछ और ही था। शायद क्षेत्रीय जनता पहले से ही अपने प्रत्याशी चुन चुकी थी। जनपद में जिला पंचायत की कुल 60 सीटें हैं, जिनमें से 26 पर समाजवादी पार्टी, 13 पर भारतीय जनता पार्टी और 6 सीटों पर बहुजन समाज पार्टी ने विजय प्राप्त की है।
 बरेली के वार्ड 33 में सपा समर्थित प्रत्याशी अर्चना अरविंद यादव जो कि वर्ष 2015 के त्रिस्तरीय चुनाव में भी जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुई थीं उन्होंने भाजपा समर्थित उम्मीदवार नरेंद्र सिंह राजपूत को करारी हार देते हुए 3786 मतों से पराजित किया। 
अरविंद यादव ने बताया कि क्षेत्रीय जनता ने उन्हें विकास के मुद्दे पर ही पुनः जिला पंचायत सदस्य बनाया है। बीते 5 वर्षो में हमने लगातार जनहित के कार्य किए हैं और आगे भी जनमानस की उम्मीदों पर खरे उतरने का प्रयास करेंगे। साथ ही इसी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से अंदाजा लगाया जा सकता है कि 2022 के विधानसभा चुनाव का परिणाम क्या आने वाला है। 
इसी प्रकार की स्थिति वार्ड 42, 43 और 44 में भी देखने को मिली जहां भाजपा के तमाम दिग्गजों ने पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के प्रचार प्रसार में कोई कमी नहीं छोड़ी परंतु परिणाम एकदम विपरीत यहाँ वार्ड 42 में सपा के सतेंद्र श्रीवास्तव ने भाजपा के भरतलाल गुप्ता, वार्ड 43 में सपा की प्रियंका यादव ने भाजपा की कमलेश यादव को और वार्ड 44 के निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र मौर्य ने भाजपा के धर्मवीर राठौर को भारी मतों से पराजित किया। 

हमारी पार्टी बरेली में हर हाल में अपना जिला पंचायत अध्यक्ष बनाएगी और जनता को अब महंगाई, बेरोजगारी, कृषि आदि के मुद्दों पर अब केवल सपा से आस है, विधानसभा के इस सेमीफाइनल चुनाव में हमें अपार सफलता प्राप्त हुई है।
-अगम मौर्य, जिलाध्यक्ष सपा (बरेली)

जिला पंचायत चुनाव में हमारी पार्टी ने प्रत्येक वार्ड पर विजयी प्रत्याशियों को कड़ी टक्कर देते हुए 6 सीटों पर जीत हासिल की है साथ ही जनता भाजपा से त्रस्त है और गुंडाराज को ना चाहते हुए सुशासन हेतु बसपा को वोट करेगी। हम पुनः सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की नीति पर 2022 में अपनी सरकार बनाएंगे। - श्याम सिंह, विधानसभा अध्यक्ष (बसपा)

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

बिना ऑपरेशन होम्योपैथी चिकित्सा से गुर्दे की पथरी का सफल ईलाज : डॉ.विनायक पाठक

शिक्षिकाओं के सम्मान के साथ लाइंस विद्या मंदिर स्कूल ने मनाया शिक्षक दिवस

दर्दनाक हादसा : तेज रफ्तार बस ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, 50 मीटर तक घसीटा